मुख्य सचिव ने NEET UG-2026 परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुरक्षित आयोजन हेतु व्यापक तैयारियों के दिए निर्देश

ram

जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली NEET UG-2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों एवं जिलों की विशेष निगरानी करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखते हुए भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, परीक्षा दिवस हेतु ट्रैफिक एवं भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित रहे तथा बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी प्रकार की नकल, प्रतिरूपण अथवा अनुचित गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में एनटीए महानिदेशक/ डायरेक्टर जनरल श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि राज्य में 27 जिलों के 611 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 2.09 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि केंद्र अधीक्षकों, सिटी को-ऑर्डिनेटर्स एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के बीच संस्थागत समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है। परीक्षा सामग्री एवं OMR शीट्स के सुरक्षित परिवहन एवं संरक्षण हेतु भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य सचिव ने चिकित्सा विभाग को परीक्षा दिवस पर आवश्यक चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को साइबर निगरानी एवं तकनीकी समन्वय, ऊर्जा विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को तथ्यात्मक एवं समयबद्ध सूचना प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर समन्वय समितियों को सक्रिय कर परीक्षा संचालन की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती गायत्री ए. राठौड़, प्रमुख शासन सचिव परिवहन श्री भवानी सिंह देथा, शासन सचिव उर्जा सुश्री आरती डोगरा सहित उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, गृह, स्कूल शिक्षा प्रमुख चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, ऊर्जा,NTA, एसओजी, NIC, राजमेस के अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस आयुक्त, जिला कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *