केन्द्रीय गृह मंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा

ram

जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में केंद्र सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के प्रस्तावित बीकानेर दौरे के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न सुरक्षा, समन्वय एवं प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की। बैठक आगामी सीमा सुरक्षा समीक्षा बैठक की तैयारियों के संबंध में आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा संयुक्त कार्यवाही तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में सीमावर्ती जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्थाओं, मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, ड्रोन गतिविधियों की निगरानी, अंतर-एजेंसी समन्वय तथा आधारभूत सुरक्षा ढांचे की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पुलिस चौकियों, निगरानी तंत्र, सीसीटीवी नेटवर्क, संचार व्यवस्थाओं तथा भारतमाला मार्ग सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग श्री शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग श्री प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह श्री भास्कर आत्माराम सांवत, महानिदेशक पुलिस (हैड ऑफ पुलिस फोर्स) श्री राजीव कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सीमा सुरक्षा बल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, दूरसंचार विभाग, भारत संचार निगम लिमिटेड, सीमा सड़क संगठन सहित संबंधित एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर एवं फलोदी जिलों के जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *