ग्रामीणों से किया संवाद, प्रमुख योजनाओं का लाभ लेकर आमजन बनें विकास यात्रा के सहभागी —शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री

ram

जयपुर। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री तथा जोधपुर जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने जोधपुर पंचायत समिति पीपाड़ शहर की ग्राम पंचायत बेनण में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा एवं आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास एवं आमजन के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान दिलावर ने ग्रामीणों को स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों के अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी एवं समय पर लाभ प्राप्त करना आमजन के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है।
स्वच्छता व्यवस्था की ली जानकारी, नियमित सफाई के दिए निर्देश
दिलावर ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए घर-घर कचरा एकत्रित करने वाली गाड़ी के संचालन एवं नियमित साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ग्रामीण क्षेत्र की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष चर्चा करते हुए दिलावर ने ग्रामीणों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की भी अपील की।
पारंपरिक एवं मनोरंजक अंदाज में दी जा रही योजनाओं की जानकारी
ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीणों को पारंपरिक एवं मनोरंजक माध्यमों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान कला जत्थों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लोक माध्यम ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों द्वारा कला जत्थों के माध्यम से दी जा रही जानकारियों में रुचि दिखाई जा रही है, जिससे उनमें जागरूकता एवं प्रेरणा का संचार हो रहा है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *