असम विधानसभा चुनाव परिणाम : भाजपा की 3 सीटों पर जीत, 78 सीटों पर आगे, कांग्रेस-22 सीटों पर आगे

ram

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य में दोबारा भाजपा सरकार बनने के संकेत दे दिए हैं। रुझानों में भाजपा जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने दोपहर 2 बजे तक 126 विधानसभा सीटों के रुझान सार्वजनिक किए हैं। शुरुआती नतीजों में भाजपा 78 विधानसभा सीटों पर आगे है, जबकि3 पर जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस सिर्फ 22 सीटों पर आगे है। वहीं, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) को दो सीटों पर बढ़त मिली है। जालुकबारी सीट पर रुझानों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी बढ़त बनाए हुए हैं। वे लगभग 51 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, असम कांग्रेस के अध्यक्ष और जोरहाट से पार्टी उम्मीदवार गौरव गोगोई शुरुआती रुझानों में 23 हजार से अधिक वोटों से पीछे हैं।असम के 35 जिलों में बनाए गए 40 केंद्रों पर मतगणना की जा रही है। अधिकारियों ने बड़े निर्वाचन क्षेत्रों वाले जिलों में विशेष व्यवस्था की है। नगांव में मतगणना तीन अलग-अलग स्थानों पर हो रही है, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में प्रत्येक में दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 59 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे, जिसके बाद भाजपा ने 90 उम्मीदवार उतारे। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने 30 सीटों पर चुनाव लड़ा।एनडीए सहयोगियों में, असम गण परिषद ने 26 उम्मीदवार उतारे, जबकि बोडो पीपुल्स फ्रंट ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ा। विपक्षी गठबंधन में राइजर दल ने 13 उम्मीदवार उतारे, असम जातीय परिषद ने 10, माकपा ने तीन और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा।चुनाव मैदान में शामिल अन्य पार्टियों में आम आदमी पार्टी और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल शामिल हैं, जिन्होंने 18-18 सीटों पर चुनाव लड़ा। तृणमूल कांग्रेस ने 22 और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान 9 अप्रैल को हुआ, जिसमें 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। इस बार कुल 85.96 प्रतिशत मतदान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *