चंडीगढ़। चंडीगढ़ यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की महिला तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा का चयन वर्ष 2026 में इंग्लैंड में आयोजित होने वाले आईसीसी महिला टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। 24 वर्षीय नंदिनी के चयन की खास बात यह है कि उन्होंने अब तक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, फिर भी चयनकर्ताओं ने उन पर बड़ा भरोसा जताते हुए सीधे विश्व कप टीम में शामिल किया है। नंदिनी शर्मा को यह मौका हाल ही में संपन्न हुई विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर मिला है। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अपने डेब्यू सीजन में खेलते हुए नंदिनी ने 17 विकेट झटके और टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल रहीं। इस दौरान उन्होंने एक हैट्रिक लेकर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। जहां नंदिनी शर्मा के लिए यह उपलब्धि गर्व का क्षण है, वहीं दूसरी ओर डब्ल्यूपीएल में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली तेज गेंदबाज काश्वी गौतम को इस बार टीम में जगह नहीं मिल पाई है। काश्वी भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने इस बार उन्हें नजरअंदाज किया। नंदिनी का चयन यह दर्शाता है कि घरेलू और लीग क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अब सीधे बड़े मंच पर मौका दिया जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव के नंदिनी शर्मा विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से टीम के भरोसे पर कितना खरा उतर पाती हैं।

बिना इंटरनेशनल डेब्यू नंदिनी शर्मा को मिला वर्ल्ड कप का टिकट, काश्वी गौतम बाहर
ram


