राजस्थान में कुदरत के दो रंग : बाड़मेर में 46°C की आग तो सीकर-झुंझुनूं में बारिश-ओले, जयपुर में 31°C के साथ सीजन की सबसे गर्म रात

ram

जयपुर। राजस्थान इस समय मौसम के दोहरे प्रहार झेल रहा है। एक तरफ जहां बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिले भीषण हीटवेव (Heatwave) की चपेट में हैं, वहीं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (WD) के सक्रिय होने से शेखावाटी और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि ने पारे को थोड़ा गिराया है। बाड़मेर सबसे गर्म: शनिवार को बाड़मेर में तापमान 45.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। पहली बार प्रदेश के लगभग सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। जयपुर की ‘तपती’ रात: जयपुरवासियों के लिए बीती रात सीजन की सबसे कष्टदायक रही। यहां न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 7.4 डिग्री ज्यादा है। इसे मौसम विभाग ने ‘वार्म नाइट’ (Warm Night) घोषित किया है। अचानक बदला मौसम: शनिवार शाम को सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर और अलवर में धूलभरी आंधी के साथ तेज बारिश हुई। सीकर में तो धूप के बीच ही मेघ बरसे, जिससे उमस और गर्मी से कुछ पलों की राहत मिली। शहरों का तापमान और स्थिति : कोटा : यहां गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रशासन ने राहगीरों के लिए 11 आश्रय स्थल बनाए हैं जहाँ कूलर और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। पारा 44.3 डिग्री पर बना हुआ है। जोधपुर और जैसलमेर : थार के इन इलाकों में पारा 44 से 45 डिग्री के बीच झूल रहा है। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता है।उदयपुर : झीलों की नगरी में भी पारा 2 डिग्री उछलकर 42 डिग्री पहुंच गया है, जो इस सीजन का उच्चतम स्तर है।सीकर/झुंझुनूं : यहां बारिश ने राहत तो दी है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने के आसार हैं। डॉक्टरों की सलाह : भीषण गर्मी और तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए विशेषज्ञों ने दोपहर 11 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने और सिर को ढक कर रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *