जयपुर। जयपुर जिले में चिन्हित पंच-गौरव के संरक्षण, संवर्धन एवं समग्र विकास को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर श्री संदेश नायक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि पंच-गौरव केवल धरोहर संरक्षण की योजना नहीं, बल्कि यह स्थानीय पहचान, सांस्कृतिक गौरव एवं भावी पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इसके संरक्षण एवं विकास के लिए प्रशासन, शिक्षा संस्थानों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने पंच-गौरव की महत्ता, उपयोगिता एवं आवश्यकता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सभी राजकीय कार्यालयों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में पंच-गौरव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं ताकि युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन में सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं सामाजिक धरोहरों के प्रति जागरूकता एवं संरक्षण की भावना विकसित हो। जिला कलक्टर ने एक जिला एक खेल कबड्डी के विकास के लिए जिला खेल अधिकारी को जिले के गाँव-गाँव में खिलाड़ी एवं कोच तैयार करने के, ब्लॉक स्तर पर कबड्डी खेल को बढ़ावा देने के लिए इंडोर स्टेडियम बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने विश्व पर्यटन के क्षेत्र में प्रमुख स्थान रखने वाले जयपुर के आमेर किले के विकास एवं पर्यटकों के लिए बेहतरीन सुविधाएँ सुनिश्चित करने और आमेर किले में बेहतर साफ-सफाई, शौचालय निर्माण, पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाने, साइनेज लगवाने के साथ-साथ रास्ते में आने वाली झाड़ियों को हटाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने एक जिला एक उपज आँवला के विकास के लिए आमजन को इसके आयुर्वेदिक गुणों की जानकारी के संबंध में अवगत करवाने के लिए संबंधित विभाग को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा है। वहीं उन्होंने एक जिला एक वनस्पति लिसोड़ा के पौधों के वितरण सहित लिसोड़ा के बहुउपयोग के संबंध में आमजन को प्रचार-प्रसार के माध्यम से अवगत करवाने के लिए भी उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने एक जिला एक उत्पाद जैम्स एंड ज्वैलरी के विकास के लिए वर्कशॉप, सेमिनार, राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है।मुख्य आयोजन अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि कार्यक्रमों, मेलों एवं सार्वजनिक आयोजनों में पंच-गौरव से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगें जहां आमजन को पंच-गौरव स्थलों की जानकारी, उनके संरक्षण की आवश्यकता तथा उनसे जुड़ी सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम विनीता सिंह, श्री वी. केतन कुमार, सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक श्री बाबुलाल मीणा, उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक श्री हरलाल बिजारनियां, जिला खेल अधिकारी श्री मान सिंह एवं पर्यटन अधिकारी श्री बाबूलाल मीणा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पंच गौरव संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक
ram


