जयपुर में फूड सेफ्टी टीम ने करवाया 250 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट

ram

जयपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग राजस्थान के ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 250 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट करवाया गया। यह कार्रवाई आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर शादियों के सीजन में मावा, पनीर और दूध में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अक्षय तृतीया के सावे को देखते हुए पनीर की बढ़ती मांग के बीच मिलावटी सप्लाई की आशंका पर टीम ने मांग्यवास स्थित चौधरी रोडूराम नगर के हनुमान पनीर भंडार के गोदाम पर दबिश दी। जांच के दौरान पनीर में पीलापन पाया गया तथा चखने पर स्वाद कसैला मिला, जिससे मिलावट का संदेह हुआ। फर्म के प्रोपराइटर बबलू शर्मा ने पूछताछ में बताया कि उसने यह पनीर सिकराय से 190 रुपए प्रति किलो के भाव से मंगवाया था, जिसे 240 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था। संदिग्ध पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए टीम ने नमूने लेकर करीब 250 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करवाया। अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी एवं राजेश नागर शामिल रहे। सीएमएचओ डॉ. मित्तल ने बताया कि पूर्व में झालाना स्थित शर्मा पनीर भंडार पर भी कार्रवाई करते हुए 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट करवाया गया था। केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला की जांच में पनीर का नमूना ‘अनसेफ’ पाया गया, जिसमें डिटर्जेंट और खाद्य तेल की मिलावट सामने आई। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फर्म का लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार पर रोक लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *