जयपुर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ये पर्व भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और धर्मनिष्ठ जीवन मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं। स्पीकर देवनानी ने कहा कि भगवान परशुराम, जिन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है, भारतीय इतिहास तथा पुराणों में अद्वितीय स्थान रखते हैं। उनका जीवन त्याग, तपस्या, धर्म और शौर्य के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अन्याय, अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष कर समाज में न्याय, मर्यादा और संतुलन स्थापित करने का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने प्राचीन काल में थे। स्पीकर देवनानी ने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भगवान परशुराम के आदर्श हमें सही मार्ग दिखाते हैं। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि हमें सदैव सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के अन्याय और भ्रष्टाचार का दृढ़ता से विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें यह भी संकल्प लेना चाहिए कि हम समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देंगे। सामाजिक समरसता और समानता के बिना किसी भी राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। भगवान परशुराम का जीवन हमें यह संदेश देता है कि शक्ति और ज्ञान का उपयोग सदैव लोककल्याण के लिए होना चाहिए। स्पीकर देवनानी ने कहा कि सभी युवा को भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने चरित्र का निर्माण करें। अनुशासन, परिश्रम, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों को अपनाकर वे न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का दायित्व भी निभाना चाहिए। यह तभी संभव है जब हम अपने पर्व-त्योहारों के मूल संदेश को समझें और उन्हें अपने आचरण में उतारें। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अक्षय तृतीया के अपने संदेश में कहा कि यह पावन पर्व सनातन परंपरा में शुभ कार्यों, दान-पुण्य एवं नई शुरुआत का प्रतीक है। देवनानी ने कामना की कि अक्षय तृतीया का यह मंगलमय अवसर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए तथा समाज में सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
स्पीकर देवनानी ने भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी
ram


