नई दिल्ली। सुबह-सुबह घर में हर किसी को जल्दी होती है। ऑफिस पहुंचने की टेंशन, बच्चों को स्कूल भेजने की भागदौड़ और इन सबके बीच हर दिन एक ही सवाल सामने आता है- “आज नाश्ते में ऐसा क्या बनाएं जो झटपट बन जाए और हेल्दी भी हो?” अगर आप भी अक्सर इसी उलझन में रहते हैं, तो आज आपकी यह परेशानी खत्म होने वाली है।
हम बात कर रहे हैं पोहा, सूजी और दही से बनने वाले एक बेहद शानदार ‘जीरो-ऑयल ब्रेकफास्ट’ की। यह नाश्ता न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट है, बल्कि इसमें तेल की एक बूंद का भी इस्तेमाल नहीं होता है, जिस वजह से यह सेहत के लिए एकदम परफेक्ट है। पोहा और दही इसे पचने में हल्का बनाते हैं, जबकि सूजी आपको दिन भर काम करने की एनर्जी देती है।
क्या-क्या सामग्री चाहिए?
1 कप पोहा
1 कप सूजी
1 कप ताजा दही
आपकी मनपसंद बारीक कटी सब्जियां (जैसे- गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर)
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
थोड़ा-सा ताजा हरा धनिया
नमक स्वादानुसार
1 छोटी चम्मच फ्रूट साल्ट या बेकिंग सोडा
बनाने की बेहद आसान विधि
सबसे पहले पोहे को पानी से अच्छी तरह धो लें और उसका सारा पानी निकालकर उसे 2 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि वह नरम हो जाए। इसके बाद एक बड़े बर्तन में नरम किया हुआ पोहा, सूजी और ताजा दही डालें। इन सबको अच्छी तरह मिला लें। अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा सा पानी डाल लें। अब इस मिश्रण को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए।
जब सूजी फूल जाए, तो इस घोल में अपनी मनपसंद कटी हुई सारी सब्जियां, हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर लें। सबसे आखिरी में, जब आपको नाश्ता पकाना हो, तब इस घोल में ईनो डालें और हल्के हाथों से बस एक बार मिलाएं।
अब इडली बनाने वाले सांचे (या किसी भी स्टीमर प्लेट) में हल्का-सा तेल लगाकर उसे चिकना कर लें ताकि बैटर चिपके नहीं। तैयार किए गए घोल को सांचों में भरें और मीडियम आंच पर 10 से 12 मिनट तक भाप में पकने दें। आप चाहें तो इसमें चाकू या टूथपिक डालकर चेक कर सकते हैं, अगर वह साफ निकलता है, तो मतलब आपका नाश्ता अंदर तक पक चुका है।
लीजिए, आपका गरमा-गरम और सुपर हेल्दी नाश्ता मिनटों में बनकर तैयार है। इसे प्लेट में निकालें और अपनी मनपसंद पुदीने की तीखी चटनी या टोमेटो केचप के साथ परोसें। यकीन मानिए, इसके लाजवाब स्वाद के आगे बच्चे और बड़े सभी उंगलियां चाटते रह जाएंगे।



