बेंगलुरु। आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज आज से होगा। पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। बेंगलुरु ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, हैदराबाद प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। टीम छठे नंबर पर रही।
SRH ने RCB के खिलाफ 52% मैच जीते
RCB और SRH के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए। इसमें से 13 मैच हैदराबाद ने जीते, जबकि 11 मुकाबलों में बेंगलुरु को जीत मिली। मुकाबला टाई रहा, जिसे SRH ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार सामना हुआ। इसमें 5 बार RCB और 3 बार SRH को जीत मिली।
RCB तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड
बेंगलुरु की टीम बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड है। बैटिंग में विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे शानदार ओपनर हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के लिए घरेलू सीजन कमाल का रहा है। पडिक्कल या वेंकटेश अय्यर इस बार नंबर तीन पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी IPL 2025 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी ज्यादा संतुलित दिख रहा है। जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी अहम बॉलर होंगे।
SRH का टॉप ऑर्डर मजबूत
हैदराबाद एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर होगी। अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन से हैदराबाद को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान शुरुआती मुकाबलों में कप्तानी करते नजर आएंगे। हेनरिक क्लासन पिछले सीजन टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। फिनिशर के तौर पर अनिकेत वर्मा ने IPL 2025 में प्रभावित किया था। नीतीश रेड्डी और लियम लिविंगस्टन से भी हैदराबाद टीम को काफी उम्मीदें होंगी। टीम का बॉलिंग यूनिट कमजोर नजर आ रहा है। कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी अटैक की कमान संभालेंगे। RCB: 2025 में चैंपियन बनाने वाले लेफ्ट आर्म पेसर यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वे निजी कारणों के चलते IPL नहीं खेल पाएंगे। वहीं उनका साथ देने वाले ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे। दोनों ही गेंदबाजों के दम पर RCB ने कई अहम मैच जीते थे। SRH: कप्तान पैट कमिंस इंजरी के कारण शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने खुद कह दिया है कि वे IPL का सेकेंड हाफ टारगेट कर रहे हैं, यानी वे 6 से 8 मैच मिस कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के ही जैक एडवर्ड्स इंजरी के कारण बाहर हो गए, उनकी जगह डेविड पेन को शामिल किया। श्रीलंका के ईशान मलिंगा भी शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे।
पिच रिपोर्ट: हाई-स्कोरिंग मैच हो सकता है
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां की सरफेस फ्लैट होती है और गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बड़े शॉट खेलना आसान होता है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण इस मैदान पर अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि, मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिल सकती है। स्पिनर्स को यहां ज्यादा टर्न नहीं मिलता, इसलिए उन्हें वैरिएशन पर निर्भर रहना पड़ता है। रात के मैचों में ओस भी अहम भूमिका निभाती है। इस स्टेडियम में कुल 100 IPL मैच खेले गए। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 43 और पहले बॉलिंग करने वाली टीम ने भी 53 मैच जीते। 4 मैच बेनतीजा भी रहे। ग्राउंड का हाईएस्ट टीम स्कोर 287/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ ही बनाया था।
बेंगलुरु में 3% बारिश के आसार
शनिवार को होने वाले मैच में बारिश की संभावना है, मौसम विभाग के अनुसार बारिश के 3% आसार हैं। बेंगलुरु का तापमान 20 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, हवा की रफ्तार करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, रसिख सलाम।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, लियम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट।
मैच कहां देख सकते हैं?
IPL मैचों का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। इसके अलावा, मैच के स्कोर और सभी अपडेट्स दैनिक भास्कर ऐप पर भी देखे जा सकते हैं।



