सीआईडी ने चार साल से फरार पचास हजारी इनामी को दबोचा

ram

जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी (सीबी) अपराध शाखा ने सरहद पार एक साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पुलिस पर फायरिंग व हत्या के प्रयास के मामले में पिछले चार वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे कुख्यात इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश में चलाई जा रही विशेष धरपकड़ मुहिम के तहत सीआईडी (सीबी) टीम ने पचास हजार रुपये के इनामी बदमाश महेश दिलीप दहले उर्फ चाचा जी उर्फ सरदार जी को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपित पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

पाण्डेय ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) हरेन्द्र कुमार महावर के सुपरविजन और उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को जोधपुर और फलोदी क्षेत्र में आसूचना संकलन के लिए तैनात किया गया था। इसी दौरान हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को पुख्ता मुखबिर सूचना मिली कि थाना फलोदी का मोस्ट वांटेड अपराधी महेश दिलीप दहले मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में अपनी पहचान छुपाकर फरारी काट रहा है। सूचना को तकनीकी रूप से पुख्ता करने के बाद पुलिस ने मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अपना जाल बिछाया। टीम ने दिन-रात रेकी की और अपराधी की हर हरकत पर पैनी नजर रखी।

इस पर आईजी जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह के समन्वय से फलोदी जिला पुलिस की टीम को भी इस ऑपरेशन में शामिल किया गया। टीम जब अहिल्यानगर के तपोवन रोड पर पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपित ने भागने की कोशिश की। लेकिन टीम के सदस्यों ने अदम्य साहस और फुर्ती का परिचय देते हुए उसे दौड़कर मजबूती से पकड़ लिया। शुरुआत में आरोपित ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम महेश दिलीप दहले निवासी बड़वानी (मप्र) स्वीकार किया।

इस पूरे मामले की जड़ें अप्रैल 2022 की एक सनसनीखेज वारदात से जुड़ी हैं। उस समय फलोदी पुलिस को बिना नंबर की पिकअप में अवैध हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो इन बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी और जान से मारने की नियत से पुलिस के वाहन को टक्कर मार दी थी। उस समय पुलिस ने दो बदमाशों को 3 पिस्टल और 14 कारतूस के साथ मौके पर दबोच लिया था और एक साथी फरार हो गया। तब से ही आरोपित महेश दहले की राजस्थान पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी। आरोपित को अब अग्रिम कानूनी कार्यवाही के लिए फलोदी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *