ई-सुनवाई : पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में जेडीए की प्रभावी पहल, ऑनलाइन सुनवाई से समस्याओं का समयबद्ध समाधान, केवल दो माह में 773 प्रकरणों की हुई ई-सुनवाई

ram

जयपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जेडीए द्वारा शुरू की गई ई-सुनवाई व्यवस्था उल्लेखनीय परिणाम दे रही है।इस पहल के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही अपनी समस्याओं की सुनवाई करवा पा रहे हैं और उन्हें समयबद्ध समाधान भी मिल रहा है। पिछले दो माह के दौरान जेडीए द्वारा कुल 773 प्रकरणों में ई-सुनवाई आयोजित की गई, जिनमें विभिन्न प्रकार के प्रकरणों पर अधिकारियों द्वारा सीधे आवेदकों से संवाद कर त्वरित निर्णय लिए गए। इस व्यवस्था से न केवल आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुदृढ़ हुई है। जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जेडीए सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी सोच के अनुरूप जेडीए द्वारा ई-सुनवाई जैसी पहल को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि ई-सुनवाई के माध्यम से प्रकरणों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे संबंधित अधिकारियों और आवेदकों के बीच की जाती है। इससे प्रकरणों का त्वरित निस्तारण संभव हो रहा है तथा निर्णय प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी बनी है। गत दो माह के आंकड़े इस बात का प्रमाण है की आमजन में इसके प्रति संतोष है। जेडीए द्वारा भविष्य में भी डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करते हुए जनसेवाओं को और अधिक सरल व प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि आमजन को बेहतर और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *