नम्रता शिरोडकर ने खास अंदाज में महेश बाबू को दी शादी की 21वीं सालगिरह की बधाई

ram

मुंबई। कुछ प्रेम कहानियां इसलिए भी खास होती हैं क्योंकि वे लाइमलाइट की दुनिया से दूर पूरी तरह सच्ची और दिल को छू लेने वाली लगती हैं। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू और उनकी पत्नी नम्रता शिरोडकर की लव स्टोरी भी कुछ ऐसी ही है। दोनों की मुलाकात भले ही सेट पर हुई थी, लेकिन शादी करने में काफी मेहनत करनी पड़ी थी। मंगलवार को महेश बाबू और उनकी पत्नी नम्रता शिरोडकर अपनी शादी की 21वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर नम्रता ने इंस्टाग्राम के जरिए महेश बाबू के प्रति अपने प्यार को व्यक्त किया। नम्रता ने महेश बाबू के साथ पुरानी तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर में दोनों प्लेन में बैठे हुए नजर आ रहे हैं। नम्रता ने लिखा, “मैं हर दिन आपको ही चुनती हूं। हैप्पी 21 मैरिज एनिवर्सरी महेश बाबू।”
पोस्ट पर नम्रता और महेश बाबू के इंडस्ट्री के दोस्तों और साथी कलाकारों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कमेंट सेक्शन में प्यार और शुभकामनाओं की बौछार कर दी। कई लोगों ने हार्ट और फायर इमोजी कमेंट किए। अभिनेता चंकी पांडे ने कमेंट सेक्शन में लिखा, “हैप्पी एनिवर्सरी।”
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जबकि नम्रता की बड़ी बहन शिल्पा शिरोडकर ने लिखा, “आप दोनों को शादी की सालगिरह मुबारक हो।”
महेश बाबू और नम्रता शिरोडकर की प्रेम कहानी 2000 में फिल्म ‘वामसी’ के सेट पर शुरू हुई थी, जो दोस्ती से प्यार में बदली। 4 साल के गुप्त रिश्ते और उम्र के अंतर के बावजूद, उन्होंने अपने परिवारों को मनाकर 10 फरवरी 2005 को शादी की। आज दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा गौतम और बेटी सितारा।
महेश बाबू जल्द ही एस एस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ नजर आएंगे। साथ ही, इसमें पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रकाश राज जैसे कलाकार भी हैं। वहीं, मेकर्स ने अभिनेत्री का लुक भी रिवील कर दिया है। इसमें प्रियंका चोपड़ा पीली साड़ी में बंदूक थामे नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *