मुख्यमंत्री ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता से समाधान करने, प्रकरणों का समयबद्ध फॉलोअप सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। हमारी नीतियों और नीयत के केंद्र में लोककल्याण है। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसेवा की भावना से कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

जनसुनवाई में महिलाएं, युवा, दिव्यांगजन और वृद्धजन सहित बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित रहे, जो अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान से संतुष्ट नजर आए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया। जनसुनवाई में संबंधित जनप्रतिनिधि और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *