धौलपुर। सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेखा यादव ने हाऊसिंग बोर्ड में स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया तथा वृद्धाश्रम में आवासित वरिष्ठजनों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं का जायजा लिया एवं वृद्धजनों को प्राथमिक उपचार किट एवं मैनू अनुसार समय पर भोजन एवं सुरक्षा व्यवस्था इत्यादि का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों की समस्याएं सुनी एवं उपस्थिती पंजिका का अवलोकन किया जिसमें 8 वृद्धजन उपस्थित मिले तथा निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम के प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी बुजुर्गों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं मानसिक स्वास्थ्य सहायता समय पर उपलब्ध कराएं एवं बिल्डिंग की मरम्मत इत्यादि की भी व्यवस्था कराएं, जिससे वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की शारीरिक हानि न हो एवं वृद्धाश्रम की साफ-सफाई कराने की भी निर्देश दिए एवं रसोईघर को भी साफ-सुथरा रखने की भी निर्देश दिए। सचिव रेखा यादव ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं, और उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। सचिव ने यह भी सुनिश्चित किया कि वृद्धाश्रम में निवासरत सभी व्यक्तियों को विधिक सहायता, उनके अधिकारों की जानकारी और आवश्यक होने पर कानूनी सलाह उपलब्ध कराई जाए।
सभी वृद्धजनों से उनको दिए गए नाश्ता, भोजन एवं मेडिकल के संबंध में जानकारी ली तो वृद्धजनों ने बताया कि आज के नाश्ते में बिस्कुट, चाय और चावल दिए गए है। सभी वृद्धजनों से उनकी पेंशन एवं आधारकार्ड के बारे में भी जानकारी लेने पर बताया कि पेंशन के लिए जनाधार की आवश्यकता है और उसके बनने की प्रक्रिया जारी है। वृद्धाश्रम में सचिव ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं का निर्माण किया गया है साथ ही सचिव ने नालसा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2016, नालसा गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015, नालसा मानसिक रूप से बीमार व बौद्धिक रूप से असक्षम व्यक्तियों को विधिक सेवाएं स्कीम 2024 के अंतर्गत आने वाले संवैधानिक विधिक अधिकारों के बारे में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों को जानकारी दी सचिव ने वृद्धाश्रम प्रभारी को निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम में उपलब्ध मानकों के अनुसार पर्याप्त एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

धौलपुर : सचिव रेखा यादव ने किया वृद्धाश्रम का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ram