चूरू। स्वायत्त शासन विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा शुक्रवार को चूरू आए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आमजन से रूबरू हुए। उन्होंने इस मौके पर चूरू नगरपरिषद मुख्यालय पर परशुराम भवन में आयोजित शहरी सेवा शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों को पट्टे व पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति के चेक प्रदान किए। इस मौके पर चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस मौके पर संबोधित करते हुए स्वायत्त शासन मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हम देश — प्रदेश को विकसित बनाने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत उन्नति व प्रगति की राह पर अग्रसर है। भारत अर्थव्यवस्था में लंबी छलांग लगा रहा है। पीएम मोदी का संकल्प है कि भारत की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भारत आत्मनिर्भर, विकसित राष्ट्र बने। हम सभी की भागीदारी इसके लिए अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकसित प्रदेश बनने के लिए मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। सरकार ने आमजन को बेहतरीन सुविधाएं एक ही जगह मुहैया करवाने के लिए सेवा शिविरों का संचालन किया है।
स्वायत्त शासन मंत्री खर्रा ने कहा कि स्वायत शासन विभाग तैयारी कर रहा है कि विभाग में सभी प्रकार की सेवाओं के आवेदन ऑनलाइन ही लिए जाएं। इसी के साथ आवास योजनाओं व भूखंडों के स्वामित्व की जानकारी भी ऑनलाइन ही की जाएगी, ताकि कोई भी नागरिक भूखंड के वास्तविक मालिक को देख सकेगा। इससे धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों पर पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से समाज के कमजोरी व मध्यम वर्गीय परिवारों को योजनाओं से जोड़कर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम किया है। इन शिविरों का एक लक्ष्य यह भी है कि आमजन को योजनाओं की संपूर्ण जानकारी हो, ताकि परिवेश का कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। हम सभी मिलकर प्रयास करें कि हमारे परिवेश में प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच हो।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के 10000 गांवों को गरीबी मुक्त गांव बनाने के सतत प्रयास कर रही है। इसी के साथ पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा योजना व उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से आम आदमी की आमदनी बढ़ाने और उन्हें गरीबी रेखा से ऊपर लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अभी प्रवासी राजस्थानी मीट भी करवा रही है। इसमें यहां के प्रवासियों को कर्मभूमि से मातृभूमि से जोड़कर प्रदेश की आर्थिक विकासात्मक गतिविधियों को संबल मिलेगा और प्रदेश तेजी से विकास राह पर बढ़ेगा।
चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार शहरी विकास को गति देने का काम कर रही है। हमारी सरकार के सतत प्रयासों से पिछले दिनों बरसात के दौरान शहर में कहीं पर भी पानी भरने की समस्या नहीं आई। इसी के साथ सेवा शिविरों के माध्यम से हमारी सरकार ने अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं व नीति—निर्णयों की पहुंच सुनिश्चित की है।
जिला प्रमुख वंदना आर्य ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को लाभ दिए जाने के लिए प्रदेश की भजनलाल सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार सेवा शिविरों के माध्यम से प्रदेश की जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवा रही है।



