जयपुर। राजस्व मंडल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 सितम्बर शनिवार को किया जायेगा। लोक अदालत के तहत आपसी समझाइश योग्य राजस्व प्रकरणों के निस्तारण को लेकर राजस्व मंडल स्तर पर बैंच का गठन किया गया है।अतिरिक्त निबंधक (न्याय) श्री हेमन्त स्वरूप माथुर ने बताया कि लोक अदालत के लिए राजस्व मण्डल स्तर से श्री राजेश कुमार दड़िया (न्यायिक अधिकारी) व सदस्य डॉ. महेन्द्र लोढ़ा की बैंच का गठन किया गया है। राजस्व मण्डल अजमेर में शनिवार को प्रातः 10ः30 बजे दीप प्रज्वलन कर लोक अदालत का शुभारम्भ किया जायेगा। लोक अदालत बैंच द्वारा पक्षकारों के मध्य आम सहमति व समझाइश के आधार पर अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण की कार्रवाई की जायेगी ।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर के द्वारा जारी निर्देशों की पालना में राजस्व मण्डल में सेवानिवृत्त आर.ए.एस. अधिकारी श्री सुरेश कुमार सिन्धी के स्तर से प्री काउन्सलर के रूप में पक्षकारों के साथ समझाइश / काउन्सलिंग का कार्य भी किया गया। लोक अदालत के लिए 450 से अधिक प्रकरण सूचीबद्ध किये गए हैं। राजस्व मंडल प्रशासन के स्तर से राष्ट्रीय लोक अदालत को पूर्ण सफल बनाने की दिशा में सभी स्तर से तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। लोक अदालत की व्यवस्थाओं एवं विविध दायित्वों के निर्वहन हेतु आवश्यक स्टाफ भी लगाया गया है। अब तक हुए 1377 प्रकरण निस्तारित राजस्व मंडल में वर्ष 2022 से अब तक आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालतों के तहत कुल 1377 प्रकरण निस्तारित किये गए हैं। इनमें वर्ष 2022 के दौरान 300 प्रकरण, 2023 के दौरान 292 तथा वर्ष 2024 के दौरान सर्वाधिक 601 प्रकरणों का निस्तारण हुआ जबकि इस वर्ष दो लोक अदालतों में 184 का निस्तारण किया गया।
जयपुर: राजस्व मंडल में राष्ट्रीय लोक अदालत 13 को
ram