बारां। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने गुरुवार को जिले के किशनगंज ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं, फसल खराबे का जायजा, एसडीएम कार्यालय, कन्या आवासीय विद्यालय निरीक्षण सहित ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई कर समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई में आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण कर राहत प्रदान की। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने किशनगंज एसडीएम कार्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने पत्रावलियों के संधारण, कर्मचारियों की उपस्थिति, रजिस्टरों में किए जा रहे इंद्राज एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों की गहन जांच की। इस दौरान उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला कलक्टर ने किशनगंज स्थित राजकीय जनजाति कन्या आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध खाद्य सामग्री की जांच की और छात्राओं के लिए बनाए गए भोजन को स्वयं ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता परखी। साथ ही छात्राओं से आत्मीयता पूर्वक संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली। कलक्टर ने विद्यालय प्रशासन को बच्चों की बेहतर देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फसल खराबे का जायजा- निरीक्षण के क्रम में जिला कलक्टर अकोदिया, किशनगंज के पहुंचे, जहां उन्होंने मानसून सत्र 2025 में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बारां : जिला कलक्टर ने ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई में समस्याओं का किया निस्तारण, फसल खराबे का लिया जायजा, कन्या आवासीय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता परखी, छात्राओं से आत्मीय संवाद
ram