सोजत: सोजत में सड़क तथा पुलिया निर्माण के 27 कार्य पूर्ण : उप मुख्यमंत्री

ram

जयपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र सोजत में गत डेढ़ वर्ष में सड़क निर्माण, मरम्मत तथा पुलिया निर्माण के स्वीकृत 60 कार्यों में से 27 कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं। आठ कार्य प्रगतिरत हैं। शेष 25 कार्यों में 7 कार्यों का कार्यादेश जारी कर दिया गया है व 18 कार्यों की निविदा प्रक्रियाधीन है। उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सोजत की गागुड़ा ग्राम पंचायत में बरियाला पुलिया के निर्माण के लिए परीक्षण करवाकर तदनुसार निर्णय लिया जाएगा। इससे पहले विधायक शोभा चौहान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सोजत (जिला-पाली/ब्यावर) में 1 जनवरी 2024 के पश्चात सड़क निर्माण, मरम्मत तथा पुलिया निर्माण के कुल 60 कार्य राशि रु. 9272.96 लाख की स्वीकृति जारी की गई। इनमें से 27 कार्य राशि रु. 633.51 लाख के पूर्ण किये जा चुके हैं
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विधानसभा क्षेत्र सोजत (जिला-पाली/ब्यावर) में सड़क निर्माण व मरम्मत के कुल 41 कार्य राशि रु. 4295.00 लाख स्वीकृत है। जिनमें से 6 कार्यों का कार्यादेश जारी कर दिया गया है व शेष 35 कार्यों की निविदा प्रक्रियाधीन है। उन्होंने इसका विवरण सदन के पटल पर रखा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सोजत में 132.85 किमी की 35 सड़कें नॉन पेचेबल स्थिति में हैं। जिनमें से 11 सड़क कार्य 46.70 किमी लम्बाई में बजट घोषणा 2025-26 (बजट घोषणा संख्या 17 व 214.01) में स्वीकृत हैं। इनकी निविदा प्रक्रियाधीन है व एक कार्य लम्बाई 4.00 किमी राशि रु. 100.00 लाख मरम्मत मद में स्वीकृत है तथा इसका कार्यादेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने इनका विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सोजत में कुल 25 पुलियाएं क्षतिग्रस्त हैं। जिसमें से 4 कार्य स्वीकृत हैं। इन 4 कार्यों में से 1 कार्य का कार्यादेश जारी कर दिया गया है व 3 कार्यों की निविदा प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों का नवीनीकरण व पुलिया निर्माण कार्यों की स्वीकृति जारी करना कार्यों की पारस्परिक प्राथमिकता पर निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *