– जोधपुर ग्रामीण दक्षिण में जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में 38,000 तिरंगों का वितरण
जोधपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़ के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा जोधपुर ग्रामीण दक्षिण जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में जिले की चारों विधानसभाओं – लूणी, बिलाड़ा, भोपालगढ़ एवं औसियां – में तिरंगा यात्राओं का सफल संचालन हुआ, जिनमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ऑपरेशन सिंदूर से बढ़ा उत्साह- हाल ही में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को मजबूत करने के बाद लोगों में देशभक्ति का जोश और बढ़ा है। इस माहौल का असर तिरंगा यात्राओं में भी देखने को मिला, जहां हर उम्र के लोग तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाते हुए शामिल हुए।
38000 तिरंगों का वितरण- हर घर तिरंगा अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए भाजपा जोधपुर ग्रामीण दक्षिण संगठन ने जिले के सभी 20 मंडलों में व्यापक तैयारी की। जिलाध्यक्ष भाटी के नेतृत्व में मंडल अध्यक्षों, कार्यक्रम संयोजकों और सह-संयोजकों की टीम ने घर-घर जाकर कुल 38,000 तिरंगा झंडों का वितरण किया। इसके साथ ही, स्वतंत्रता दिवस के बाद 15 अगस्त की शाम को तिरंगों को सम्मानपूर्वक उतारने और सुरक्षित रखने हेतु सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री का जोधपुर दौरा- ज्ञातव्य है कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जोधपुर प्रवास पर रहेंगे। 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे गांधी मैदान से तिरंगा यात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस रैली का शुभारंभ होगा, जो जालोरी गेट चौराहे तक जाएगी। इस ऐतिहासिक आयोजन में भाजपा जोधपुर ग्रामीण दक्षिण जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और गर्व का प्रतीक है। इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखकर गर्व होता है कि हमारा समाज आज भी राष्ट्रभक्ति के रंग में एकजुट है।”

जोधपुर : हर घर पर लहराएगा तिरंगा – देश की आन, बान और शान
ram