जोधपुर। छात्र चेतना यात्रा के क्रम में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्र प्रतिनिधि महेंद्र चौधरी और राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र प्रतिनिधि अभिषेक रॉयल के नेतृत्व में छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद और छात्रसंघ चुनाव तत्काल प्रभाव से बहाल करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट घेराव किया। छात्रसंघ चुनाव की बहाली हेतु राज्यपाल के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को मुखर करने और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए नितांत आवश्यक हैं। छात्रों के भविष्य और उनके समग्र हितों को देखते हुए इन चुनावों को अविलंब बहाल करने की मांग की गई। नवाचार के तहत श्रावण मास को देखते हुए भगवान शिव एवं अन्य देवताओं स्वांग रचकर छात्रों ने अपनी मांग को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई एवं झोटवाड़ा प्रत्याशी अभिषेक चौधरी, जेएनवीयू की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कान्ता ग्वाला, जेएनवीयू के छात्र प्रतिनिधि महेन्द्र चौधरी, और राजस्थान यूनिवर्सिटी प्रतिनिधि अभिषेक रॉयल सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। मीडिया से संवाद करते हुए, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई एवं झोटवाड़ा प्रत्याशी अभिषेक चौधरी ने कहा, “छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं। इन चुनावों पर रोक लगाना छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है। हम सरकार से अपील करते हैं कि वे तत्काल छात्रसंघ चुनाव बहाल करें, अन्यथा यह छात्र आंदोलन और भी तीव्र तथा उग्र रूप लेगा। जेएनवीयू छात्र प्रतिनिधि महेन्द्र चौधरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “छात्रसंघ चुनाव छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अपरिहार्य हैं। हम तब तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे जब तक हमारी यह मांग पूरी नहीं हो जाती। छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रप्रतिनिधि अभिषेक रॉयल ने अपनी बात रखते हुए कहा, “आज की युवा शक्ति ही हमारे राष्ट्र का भविष्य है। छात्रसंघ चुनाव उन्हें जिम्मेदारी, नेतृत्व और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का पाठ पढ़ाते हैं। हम सरकार से आग्रह करते हैं कि वह छात्रों की इस जायज आवाज को सुने और जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल करे।” प्रदर्शन के दौरान छात्रों में अभूतपूर्व उत्साह और आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर दृढ़ता का प्रदर्शन किया। समस्त छात्र शक्ति ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं होते, उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।

जोधपुर : छात्र चेतना यात्रा के तहत जोधपुर में कलेक्ट्रेट घेराव, छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
ram


