चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आवश्यक सेवाओं की चर्चा कर समुचित निर्देश दिए। जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि गर्मियों में सुचारू पेयजल आपूर्ति हो तथा आमजन से शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित निस्तारण हो। पीएचईडी के अधिकारी, कर्मचारी मुस्तैद रहें तथा आमजन को बेहतरीन सेवाओं का लाभ दें। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों को तुरंत एड्रेस करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। सभी उपखंड अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी व विकास अधिकारी अपने संबंधित क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें तथा किसी भी माध्यम से शिकायत प्राप्त होने पर यथाशीघ्र निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान आपातकालीन रूप में स्वीकृत कार्यों को 15 मई से पहले पूरें करें। इन कार्यों की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करें ताकि आमजन को अच्छी सुविधाएं मिल सकें।
सुराणा ने कहा कि ऑनलाइन विभाजन, सीमाज्ञान व नामांतकरण के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। इसी के साथ बजट घोषणाओं में भू- आवंटन के प्रकरणों को यथाशीघ्र निपटाएं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को रास्ता खोलो अभियान को लेकर निर्देश दिए कि मिशन मोड में काम करते हुए अपेक्षित कार्रवाई करें तथा साप्ताहिक रूप से विशेष दिन आदि निर्धारित करते हुए रास्ता खोलने के प्रकरणों को निस्तारित करें।
उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों से कहा कि स्वामित्व योजना प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजना में सम्मिलित है। स्वामित्व योजना अंतर्गत नियमित रूप से प्रॉपर्टी पार्सल वितरण करें। इसी के साथ महानरेगा में कार्य स्वीकृत करवाएं।
उन्होंने कहा कि बजट में शेखावाटी क्षेत्र की हवेलियों के संरक्षण की घोषणा की गई है। इसलिए ग्रामीण विकास व नगर निकाय अधिकारी अपने क्षेत्र में अवस्थित हैरिटेज हवेलियों की जानकारी भिजवाएं।
सुराणा ने सभी विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें। सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि अनावश्यक पेंडेंसी न रहे। इसी के साथ राजकाज पर पेंडिंग फाइलों को निस्तारित करें।
उन्होंने लंबित कार्यों को पूरा करवाने, चूरू 311 एप्प का समुचित प्रचार-प्रसार करने, पीएम आवास योजना में दूसरी व तीसरी किश्त जारी करवाने, बजट घोषणाओं में भू-आवंटन तथा सीएम, सीएस कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों को लेकर, केपीआई समुचित निर्देश दिए।
एडीएम अर्पिता सोनी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना में भौतिक सत्यापन व जल शक्ति अभियान अंतर्गत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण को लेकर निर्देश दिए।
इस दौरान डीएफओ वीरेन्द्र कृष्णिया, एसीईओ दुर्गा ढाका, कोषाधिकारी प्रवीण सिंघल, डीएसओ साक्षी पुरी, पशुपालन संयुक्त निदेशक डॉ मदनलाल गहनोलिया, पीएचईडी एसई चुन्नीलाल, डीओआईटी एसीपी नरेश टुहानिया, चूरू नगरपरिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह, सीपीओ भागचंद खारिया, रोजगार सहायक निदेशक वर्षा जानू, एक्सईएन हरिराम माहिच, एसबीएम जिला समन्वयक श्यामलाल शर्मा, एलडीएम अमरसिंह, डिस्कॉम एक्सईएन अनिल पूनिया सहित वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।



