बूंदी। नेहरू युवा केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में भारतीय सेना की तैयारी करने वाले नौजवानों के बीच शहीद दिवस मनाया गया। केंद्र द्वारा युवा-परिचर्चा, संगोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवाओं को स्वाधीनता आंदोलन में क्रांतिकारियों के योगदान की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय सेना में पूर्व फौजी व वार्ड पार्षद संदीप देवगन रहे। अध्यक्षता योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी व एनएसओ जिलाध्यक्ष शिखर पंचोली, पूर्व एनसीसी अधिकारी गोविंद प्रजापत रहे। अतिथियों ने शहीद भगत सिंह के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया।
संगोष्ठी में युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक देवगन ने कहा कि शहीद दिवस भारत के स्वाधीनता संग्राम में तीन असाधारण क्रांतिकारियों के बलिदान की याद दिलाता है, उन्होंने देशभक्ति व राष्ट्रप्रेम की भावना को आत्मसात करने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि एनएसओ जिलाध्यक्ष पंचोली ने भगत सिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता के लिए उनके साहस और दृढ़ संकल्प ने उन्हें भारत के स्वतंत्रता संग्राम में प्रतिरोध और वीरता के प्रतिष्ठित प्रतीक बना दिया है, उन्होंने युवाओं को विभिन्न प्रसंगों के द्वारा आंदोलन कारियों की तत्कालिक ब्रिटिश साम्राज्य विरोधी गतिविधियों से अवगत कराया। पूर्व एनसीसी अधिकारी प्रजापत ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए युवाओं को राष्ट्ररक्षा के लिए संचालित विविध सेना के आयामो के बारे में जानकारी देते हुए भविष्य के अवसरों पर वक्तव्य दिया। कार्यक्रम का संचालन रोहन गुर्जर ने किया।
देशभक्ति के नारों से युवाओं ने जगाई देशभक्ति की अलख, प्रश्नोत्तरी में दिखी प्रतिस्पर्धा
कार्यक्रम संयोजक भूपेन्द्र योगी ने बताया कि आयोजन से प्रेरित युवाओं ने देशभक्ति के संदर्भ में निडर क्रांतिकारियों द्वारा कहे कथनों का वाचन कर राष्ट्रीयता की अलख जगाई, अंत में रोचक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नरेन्द्र कुमार गुर्जर, जगदीश बैरवा, विक्रम कुमार गुर्जर, मनोज मीणा, नंदराम गुर्जर विजेता रहे।


