निम्बाहेड़ा। राजस्थान सरकार के मात्र सवा साल के कार्यकाल में ही निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगातों में विशेषकर नगर पालिका निम्बाहेड़ा को नगर परिषद में क्रमोन्नत करने जैसी महत्वपूर्ण घोषणा के पश्चात पहली बार निम्बाहेड़ा आगमन पर पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी का विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही नगर की विभिन्न सामाजिक एवं सरकारी संस्थाओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
विधायक कृपलानी के जयपुर से सड़क मार्ग द्वारा निम्बाहेड़ा पहुंचने पर मांगरोल एवं वण्डर चौराहे पर सैकड़ों भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही नगरवासियों ने भव्य आतिशबाजी कर स्वागत किया। इस दौरान वण्डर चौराहे से नगर पालिका कार्यालय तक स्वागत रैली निकाली गई, जिसका जे के तिराहे, अहिंसा सर्किल, शेखावत सर्कल आदि क्षेत्रों में नगर एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए क्षेत्रवासियों ने विधायक कृपलानी का स्वागत किया।
जिला स्तरीय हर सुविधा बेहतर रूप से निम्बाहेड़ा में मिले, इसके लिए कार्य करता रहूंगा- विधायक कृपलानी
नगर पालिका कार्यालय के बाहर आयोजित मुख्य स्वागत समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक कृपलानी ने सर्वप्रथम समस्त क्षेत्रवासियों को बजट में निम्बाहेड़ा वासियों को मिली सौगातों के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में मात्र सवा साल के कार्यकाल में ही निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें मिली है, जो जिसकी सूचि आने वाले पौने चार सालों में और लम्बी होने वाली है। उन्होने कहा कि पूर्व में निम्बाहेड़ा ही जिला मुख्यालय हुआ करता था, लेकिन बाद में यह चित्तौडग़ढ़ स्थानांतरित हो गया। उन्होने कहा कि निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के समस्त निवासियों को जिला स्तरीय हर सुविधा बेहत्तर रूप से निम्बाहेड़ा में मिले, इसके लिए कार्य करता रहूंगा।



