जयपुर। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा से भाजपा विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कर्नल राठौड़ ने बैठक के दौरान झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में सेफ्टी गेट लगाए जाएं, ताकि बाहरी व्यक्तियों की अवैध आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही, क्षेत्र के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे किसी भी आपराधिक गतिविधि पर नजर रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके।
इसके अलावा, कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा में नियमित मोबाइल पेट्रोलिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि गश्त को बढ़ाया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहे।
कर्नल राठौड़ ने यह भी कहा कि झोटवाड़ा की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस को सतर्क रहना होगा और जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे, ताकि झोटवाड़ा के नागरिक सुरक्षित और निश्चिंत जीवन व्यतीत कर सकें।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
ram


