बालोतरा। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने कहा है कि आगामी समय में जिले में त्यौहार एवं मेलों के दौरान सद्भावना बनी रहे। उन्होने सभी को होली त्यौहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी त्यौहारों को आपसी भाईचारे एवं अपणायत के साथ मनायें। यह बात उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि 13 मार्च को होलिका दहन, 14 मार्च को धुलंडी, 21 मार्च को शीतला सप्तमी, 25 मार्च को तिलवाड़ा पशु मेला, 28 मार्च को जुमातुल विदा, 30 मार्च को चेटीचण्ड, 30 मार्च से 06 अप्रैल तक नवरात्रा स्थापना, 31 मार्च को ईद उल फितर, 06 अप्रैल को रामनवमी, 10 अप्रैल को महावीर जयंती एवं 14 अप्रैल को हनुमान जयंती के दौरान जिलें में शांति एवं सौहार्द का मौहाल बना रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह ने कहा कि होली पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जायेगें। उन्होने कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जायेगी तथा अवांछित पोस्ट डालने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने शांति समिति के सभी सदस्यों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने के लिए अपना सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए कहा कि जिले में भाई-चारे एवं सद्भावना की प्राचीन परम्परा को बनाये रखा जाये। इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी उपयोगी सुझाव दिये गये।
बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. गुंजन सोनी, समस्त उपखण्ड अधिकारी, पुलिस उपाधिक्षक सुशील मान समेत सभी शांति समिति के सदस्यों के साथ प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
ram


