प्रतापगढ़। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में श्री अन्न(मिलेट्स) प्रशिक्षण, राइजिंग राजस्थान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, पीएमएवाई सहित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की और योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्रों को दिलाने और योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मिशन दृष्टि के तहत आंखों की स्क्रीनिंग प्रगति के बारे में भी चर्चा की गई। उन्होंने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए ढीले तारों का चिन्हीकरण करने, हैंडपंपों की स्थिति जांच कर सुधारात्मक उपाय करने और गर्मी के मौसम हेतु उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्ट्रीट लाइट्स की कार्यात्मक स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि सभी स्ट्रीट लाइटें सुचारू रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला शौचालयों की कार्यात्मक स्थिति सुनिश्चित की जाए, सभी अधिकारी स्वयं अपने स्तर पर शौचालयों की स्थिति जांचें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने संपर्क पोर्टल और जनसुनवाई प्रकरणों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कोषाधिकारी जितेंद्र मीणा, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग नेहा माथुर, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग डॉ. टी आर आमेटा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



