जैसलमेर। खाबा डायरीज का पहला संस्करण मरू महोत्सव 2025 के तहत 10 और 11 फरवरी को सांय 5 बजे से 10 बजे तक खाबा फोर्ट में आयोजित किया जा रहा है। जिसका मूल उद्देश्य ऐतिहासिक खाबा फोर्ट में नाइट टूरिज्म को स्थापित एवं बढावा देना है। साथ ही, कम्युनिटी भागीदारी के माध्यम से कला संस्कृति, लोक संगीत, पारंपरिक खान-पान, डेजर्ट एक्टिविटीज की तरफ पर्यटकों को आकर्षित करना है।
इस अनूठी पहल को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन (जैसलमेर विकास समिति) एवं आई लव जैसलमेर संस्था की अहम् भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केन्द्र अन्तर्राष्ट्रीय मूर्तिकार हंसराज कुमावत द्वारा लाईव क्ले पोट्रेट एवं लाईव चित्रकला कार्यशाला रहेगी। कार्यशाला में चित्रकार डॉ. उमेश शर्मा, उषा पुरोहित, टिसा बिस्सा, चारुल व्यास, भजनलाल गेंवा अपनी कला को केनवास पर जीवंत करेंगे।