उदयपुर। स्कूली विद्यार्थियों को शैक्षिक के साथ-साथ सह शैक्षिक गतिविधियों की और उन्मुख करने के उद्देश्य से जिले के तीन सरकारी विद्यालयों में शनिवारिय सभा का आयोजन किया गया। स्कूल प्रशासन और कश्ती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भल्लों का गुड़ा, शिशवी और गुपड़ी गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस शनिवारिय सभा का विद्यार्थियों ने जमकर लुत्फ उठाया और अतिथि कलाकारों के साथ अपने कला कौशल और अभिरुचि पर संवाद किया।
बतौर अतिथि ख्यातनाम स्केच आर्टिस्ट व आर्किटेक्ट सुनील लड्ढा, आईआईटियन आशिमा गोयल, प्रस्तर शिल्पकार व सृजनधर्मी शिक्षक हेमंत जोशी व रंगकर्मी कुणाल मेहता ने आज विद्यार्थियों को स्केचिंग, ऑर्गेनिक फार्मिंग, शिल्पकला व रंगकर्म की बारीकियों से रूबरू करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपे कलाकार को बाहर निकालने और लगातार सृजनात्मक गतिविधियों में लगे रहने का आह्वान किया। इस मौके पर कश्ती फाउंडेशन प्रमुख श्रद्धा मुर्डिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपे कलाकार को बाहर निकालने तथा शिक्षार्जन के साथ-साथ सहशैक्षिक गतिविधियों पर भी फोकस करने का आह्वान किया। विद्यालय प्रधानाचार्य प्रेरणा नौसालिया व अन्य शिक्षकों ने अतिथियों को विद्यालयी गतिविधियों की जानकारी दी। शनिवारिय सभा में स्केच आर्टिस्ट सुनील लड्ढा ने विद्यार्थियों को उनके द्वारा देश-विदेश में तैयार किए गए स्केच तथा स्केचिंग के गैजेट्स को दिखाया तो विद्यार्थियों ने रुचिपूर्वक देखा और सराहा। बच्चों ने मिनिएचर स्केच और इसको तैयार करने के लिए उपयोग में लिए जाने वाले नन्हें गैजेट्स को भी देखा।

भल्लो का गुड़ा, शिशवी और गुपड़ी उमावि में हुई शनिवारिय सभा
ram


