बहरोड़। पुलिस के हेड कांस्टेबल अशोक यादव के साथ मारपीट करने और राजकार्य में बाधा डालने के मामले में ढाई महीने से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल ने 9 मार्च को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि वह बहरोड़ पुलिस थाने पर सरकारी वाहन की जांच करने के लिए आ रहा था। इसी दौरान बाढड़ी मोहल्ले में मनोज गुर्जर और रोहन गुर्जर नाम के दो व्यक्ति किसी बात को लेकर महेश नाम के एक व्यक्ति के साथ झगड़ा कर रहे थे।
अशोक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस दौरान मनोज गुर्जर ने उसे जान से करने के लिए गाड़ी में बैठकर उसे टक्कर मारने का प्रयास किया। किसी तरह मनोज गुर्जर को अशोक ने पकड़ लिया, तो उस पर रोहन गुर्जर ने कट्टा निकालकर जान से मारने के लिए फायर कर दिया। अशोक ने अपनी जान बचाने के लिए मनोज गुर्जर को छोड़ दिया।
उसके बाद मनोज गुर्जर ने लोहे की रॉड निकालकर हेड कांस्टेबल पर हमला कर दिया। जिस पर पुलिस ने राज कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की नीयत से फायर करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। तभी से हिस्ट्रीशीटर अपने साथी के साथ फरार चल रहा था। जिसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है।



