कोहरे की चादर में लिपटा चूरू, 50 मीटर से भी कम हुई विजिबिलिटी, 1.6 डिग्री गिरा न्यूनतम पारा।

ram

चूरूः गुरूवार की सुबह का स्वागत कड़ाके की सर्दी के साथ हुआ। शहर चारों ओर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। सर्दी से राहत पाने के लिए लोगों ने आग जलाकर अलाव का सहारा लिया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में घना कोहरा, कहीं-कहीं अति घना कोहरा होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। प्रदेश में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में आगामी 48 घंटों के दौरान हल्की गिरावट होगी। उत्तरी व पूर्वी भागों में आगामी 2-3 दिन कहीं-कहीं घना कोहरा छाने तथा न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर से प्रदेश में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिससे मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है। सहायक निदेशक कृषि कुलदीप शर्मा ने बताया कि घना कोहरा चने की फसल को फायदा पहुंचाने वाला है। इससे फसल में पकाव और जल्दी ग्रोथ होगी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री व अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *