धौलपुर। कंचनपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में फरार 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक महीने से फरार चल रहे थे। आरोपियों ने 6 सितंबर को लखेपुरा गांव में एक महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट की थी। लाठी और फरसों से किए गए जानलेवा हमले में महिला सहित कई लोग घायल हो गए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कंचनपुर थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि 6 सितंबर को महिला माया देवी घरेलू सामान लेने दुकान पर जा रही थी। इसी दौरान गांव के आरोपी पक्ष के लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसे बचाने पहुंचे महिला के परिजनों को भी लाठी और फरसे से घायल कर दिया। जिस मामले में महिला के भतीजे मंगल सिंह ने थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को कंचनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। हत्या प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी पक्ष के पंचम (36) पुत्र नत्थीलाल, श्रीराम (34) पुत्र नत्थीलाल, रामजस (35) पुत्र नत्थीलाल, कुलदीप (26) पुत्र चन्द्रभान और पाला उर्फ विश्वदीप (21) पुत्र चन्द्रभान को गिरफ्तार किया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।