7 राज्यों में हीटवेव से 79 की मौत

ram

नई दिल्ली। देश के 7 राज्यों में हीटवेव के कारण गुरुवार (30 मई) को 79 लोगों की मौत हुई। इनमें सबसे ज्यादा बिहार में 44 लोगों की जान गई। झारखंड में 15 की मौत हुई। ओडिशा के राउरकेला में 6 घंटे के दौरान 10 लोगों ने दम तोड़ दिया।

राजस्थान में 5 लोगों की मौत हुई। छत्तीसगढ़ में 3 और उत्तर प्रदेश-दिल्ली में 1-1 की मौत हुई। मौत के सभी आंकड़े आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किए गए हैं। भास्कर टीम ने ये डेटा खुद जुटाया है।

अच्छी खबर यह है कि इन राज्यों में आज से हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। बिहार और झारखंड में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में देर रात गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ शुरू भी हो गई है।

IMD ने शुक्रवार (31 मई) के लिए देश में कहीं भी हीटवेव का रेड अलर्ट जारी नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ अगले पांच दिन का तापमान मौजूदा तापमान से 2-4 डिग्री कम रह सकता है।

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में रात को गर्म मौसम रहेगा। गुरुवार को हरियाणा के सिरसा में देश में सबसे ज्यादा 49.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *