“आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे” — सुनील थापा के निधन पर भावुक हुईं प्रियंका चोपड़ा

ram

मुंबई। नेपाली सिनेमा के वेटरन अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। फिल्म मैरी कॉम में प्रियंका चोपड़ा के कोच का किरदार निभा चुके अभिनेता के निधन पर प्रियंका चोपड़ा आहत नजर आईं। उन्होंने थापा के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। सुनील थापा ने 250 से ज्यादा नेपाली फिल्मों में काम किया और खलनायक के रोल में अपनी अलग पहचान बनाई। वह बॉलीवुड में भी सक्रिय रहे और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘मैरी कॉम’ में उनके कोच का किरदार निभाया था। इसके अलावा, वह ‘द फैमिली मैन 3’ जैसी वेब सीरीज समेत और भी कई सफल फिल्मों का हिस्सा रहे। प्रियंका ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद सुनील थापा ने उन्हें बहुत सहारा दिया। उन्होंने उनके प्यार और मदद को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा उनके कोच बने रहेंगे।
उनके निधन की खबर से आहत प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘मैरी कॉम’ फिल्म के एक सीन का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे। जब मैंने अपने पापा को खो दिया था, तब आपने मुझे संभाला। आपने मुझे प्यार किया और बिना एहसास कराए कई मुश्किल दिनों में मेरी मदद की। आपकी एनर्जी और गर्मजोशी के साथ गले लगने की आदत और आपकी मुस्कान हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगी।”
प्रियंका ने आगे लिखा, “आप बहुत कम उम्र में चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे। जब मैं भावनात्मक रूप से टूट गई थी, उस समय आपकी दयालुता और विनम्रता ने संभाला, उसके लिए धन्यवाद। सुनील थापा आरआईपी। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।”
सुनील थापा की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें काठमांडू के थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, सुनील थापा के निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *