रूस में दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप, 8.8 तीव्रता, 5 मीटर ऊंची सुनामी उठीं

ram

मास्को। रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप आया है। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 8.8 थी। यह भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 4:54 बजे आया। रॉयटर्स के मुताबिक कामचटका में 5 मीटर तक ऊंची सुनामी आई है। इसकी वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। USGS ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि आज का भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली था। उन्होंने कहा कि एक किंडरगार्टन स्कूल को नुकसान पहुंचा है। जापान के NHK टेलीविजन के मुताबिक, देश के पूर्वी तट के पास एक फुट ऊंची पहली सुनामी लहरें पहुंची हैं। जापान ने राजधानी टोक्यो में 20 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा है। इसके अलावा अपने फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली को करा लिया है। अमेरिका के अलास्का और हवाई द्वीप तक सुनामी की लहरें पहुंच गई हैं।

हवाई में सुनामी की चेतावनी अब एडवाइजरी में बदली
अमेरिका ने हवाई राज्य के लिए जारी सुनामी चेतावनी को अब डाउनग्रेड कर एडवाइजरी में बदल दिया गया है। यह जानकारी नेशनल वेदर सर्विस ने दी। पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर के निदेशक चिप मैककरी ने कहा कि सबसे बुरा हिस्सा अब बीत चुका है। फिलहाल अमेरिका के नॉर्थ कैलिफोर्निया में सुनामी चेतावनी है। हवाई में लोगों को अब भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है, लेकिन खतरे का स्तर पहले की तुलना में काफी कम हो गया है।

अमेरिका ने पापुआ, सोलोमन के लिए चेतावनी जारी की
अमेरिका ने दक्षिण प्रशांत के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। इसमें पापुआ न्यू गिनी, सोलोमन द्वीप और वानुअतु जैसे देश शामिल हैं। यह चेतावनी अमेरिका की राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) ने दी है।

अलास्का से टकराई सुनामी की पहली लहर
अमेरिका के अलास्का राज्य में सुनामी की पहली लहरें टकरा चुकी हैं। यह लहर कितनी ऊंचाई की है, इसकी जानकारी नहीं आई है। इसके साथ ही हवाई में भी कभी भी लहरें आने की आशंका है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र का कहना है कि अगले कुछ घंटों में पश्चिमी अमेरिका के अलग-अलग तटीय इलाकों में लहरें पहुंच सकती हैं। अधिकारियों ने लोगों से तट के इलाकों से दूर रहने और अलर्ट रहने की अपील की है।

रूस-इक्वाडोर में 3 मीटर ऊंची सुनामी लहरों का अलर्ट
अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्रों ने कहा है कि रूस और इक्वाडोर के तटीय इलाकों में बहुत ऊंची लहरें उठ सकती हैं। कुछ जगहों पर ये लहरें 3 मीटर (करीब 10 फीट) से भी ज्यादा ऊंची हो सकती हैं। दक्षिण अमेरिका, प्रशांत द्वीपों और एशिया के कुछ तटीय इलाकों में भी समुद्र की लहरें सामान्य से ज्यादा ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं। अभी यह कहना मुश्किल है कि यह सुनामी कितनी नुकसानदायक होगी या कितने देश प्रभावित होंगे, लेकिन कई देश सतर्क हो चुके हैं और तैयारी कर रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया है कि जो लहरें अब तक आई हैं, वे पहले के अनुमान से थोड़ी कम गंभीर लग रही हैं, लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *