अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा महिला सम्मान समारोह एवं परिचर्चा का आयोजन

ram

जयपुर। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर सम्मान समारोह एवं परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम मे योजनाओं की लाभार्थी, उद्यमी, खिलाड़ी और अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही, कर्नल राठौड़ सम्मानित होने वाली इन महिलाओं से संवाद भी करेंगे। ओडीओपी नीति के तहत ‘कौशल वाहिनी- स्किल ऑन व्हील्स’ को झंडी दिखाकर शिल्पकारों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ करेंगे। उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश ओला ने बताया कि यह कार्यक्रम उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और राजस्थली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें विश्वकर्मा युवा प्रोत्साहन योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर उद्यम प्रोत्साहन, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन, ओडीओपी, निर्यात प्रोत्साहन और एमएसएमई नीतियों और योजनाओं की लाभार्थी महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी। साथ ही, इन योजनाओं के लाभ के लिए स्वीकृति पत्र और ऋण के डमी चैक भी दिए जाएंगे। राजस्थली की ओर से ओडीओपी उत्पादों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

विभाग की महिला कार्मिकों को ही जिम्मेदारी
ओला ने बताया कि महिला दिवस को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को और भी विशेष बनाने के लिए सारी जिम्मेदारी विभाग की महिला अधिकारियों को ही सौंपी गई है। आयोजन की पूर्व रूपरेखा तैयार करने के साथ ही 8 मार्च को भी पंजीकरण से लेकर स्टेज तक सारा कार्य महिला अधिकारियों द्वारा ही संपादित किया जाएगा। रीको एमडी शिवांगी स्वर्णकार द्वारा स्वागत उद्बोधन और राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *