कोटा। वन्य जीव सप्ताह का समापन कला दीर्घा नयापुरा में समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी रहे। संभागीय मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व रामकरण खैरवा ने अध्यक्षता की।
मुख्य अतिथि डॉ रविंद्र गोस्वामी ने वन एवं वन्य जीव संरक्षण का महत्व बताते इसमें भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने टाइगर प्रोजेक्ट, कोटा के ईको-टूरिज्म के बारे में जानकारी देते हुए इससे पर्यटन विकास को रेखांकित किया। कला दीर्घा में लगाई गई औषधीय एवं बोनजाई पौधों की प्रदर्शनी के साथ-साथ वन्यजीव प्रेमियों एवं विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विशिष्ट अतिथि उप वन संरक्षक अपूर्व कृष्ण वास्तव ने शाकाहारी व मांसाहारी जीवों की संख्या के जंगल में संतुलन का महत्त्व बताया।
समारोह में वन विभाग द्वारा सप्ताह भर आयोजित गतिविधियों की वीडियोग्राफी तथा फोटोग्राफी का प्रदर्शन किया गया। यहां लगभग डेढ़ सौ प्रकार के वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास की प्रतिकृति प्रदर्शित की गई जो सभी के लिए सात दिन तक निशुल्क दिखाई गई। उप वन संरक्षक अनुराग भटनागर ने बताया कि वन विभाग वन्य जीव द्वारा जन चेतना जागृत करने हेतु वन्य जीव सप्ताह का आयोजन 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक किया गया जिसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेज व अन्य संस्थाओं के लगभग 4000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के कोर एरिया के गांव जैसे गिरधरपुरा व मन्दरगड़ के बच्चों को भी वन संरक्षण के महत्व के बारे में बताते हुए पावर प्रजेंटेशन एवं वन्य जीवों के प्रिंटेड फोटोग्राफ्स दिखाकर वन्य जीवन की जानकारी दी गयी। विद्यार्थियों के साथ ही नारी निकेतन की महिलाओं व बालिकाओं को भी वन भ्रमण कराया गया।
क्विज प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, लाइव फोटोग्राफी प्रतियोगिता, घोंसला निर्माण, वीडियोग्राफी, कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वन्य जीव सप्ताह के दौरान सहयोग प्रदान करने वाले विभिन्न एनजीओ, विद्यालयों, विद्यार्थियो को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन मुकेश चौधरी, कोऑर्डिनेटर डब्ल्यू डब्ल्यू एफ ऑफ इंडिया राजशेखर, उप वन संरक्षक मुकंदरा राष्ट्रीय उद्यान मुथु एस, सुनील गौड़, वन्य जीव प्रेमी जितेंद्र निर्माेही, आर.एस. तोमर, ए.एच. जैदी, प्रो. सुरभि श्रीवास्तव, बीना चौरसिया, रंजना गुप्ता, सपना भार्गव, रेंजर रतनलाल, मनोज कुमार शर्मा, बुधराम जाट, प्रेम कंवर शक्तावत एवं अन्य मौजूद रहे।

वन्य जीव सप्ताह का समापन
ram