राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश-ओलावृष्टि से बदला मौसम

ram

जयपुर। राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आ गया है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली क्षेत्र में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। वहीं अलवर जिले में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसा किशनपुरा चौराहे के पास पुष्पा ब्रिक्स के समीप हुआ। बस गुजरात के बारडोली से आसींद की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। सुबह क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। एक यात्री गंभीर घायल हुआ है, जिसे नजदीकी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

शनिवार को अजमेर में बारिश के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा जयपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और बारां सहित कई जिलों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार को प्रदेश के 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार फरवरी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जिससे इस बार फरवरी में सर्दी अपेक्षाकृत कम रह सकती है।

अनुमान है कि 14-15 फरवरी के बाद प्रदेश में हल्की गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।

सीकर में शनिवार रात बादल छाए रहे, लेकिन रविवार सुबह मौसम साफ हो गया और धूप निकली। एक और दो फरवरी को बारिश तथा तीन फरवरी को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। अलवर में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश की संभावना जताई है। तुलेड़ा गांव और अरावली विहार क्षेत्र में सुबह कोहरे की मोटी चादर नजर आई।

कोटपूतली में शनिवार शाम से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक चलती रही। यह इस सीजन की चौथी मावठ है, जिससे रबी फसलों की पैदावार बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि बारिश और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ। अजमेर और जयपुर में बारिश हुई। जयपुर के ग्रामीण इलाकों में देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई।

बादल छाने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक बढ़ गया। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर और जयपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। सर्द हवा कमजोर पड़ने से गलनभरी ठंड से आंशिक राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *