बालोतरा। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभागवार बजट घोषणाओं, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बजट घोषणा 2025-26 के अनुसार और आवश्यकता के अनुरूप भूमि चिन्हीकरण एवं आवंटन से जुड़ी गतिविधियों को तय समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रत्येक विभाग को बजट घोषणा की टाइमलाइन लेकर लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की चर्चा करते हुए जिले में विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के लिए पाबंद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की मॉनिटरिंग करें एवं निश्चित समय में निस्तारण करें।
जिला कलक्टर यादव ने पीएचईडी को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल आपूर्ति बनाये रखने, जेजेएम के तहत लक्ष्यानुरूप नल कनेक्शन पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को पालनहार व पेंशन सत्यापन शत प्रतिशत पूर्ण करने, विद्युत विभाग को विभागीय योजनाओं के अनुसार पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए अस्पतालों में सुविधाएं बढाने, मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. गुंजन सोनी ने निर्देश दिए कि अधिकारी संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ ही पोर्टल पर अपडेट करें। उन्होने कहा कि समस्त विभागीय अधिकारी संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करें, साथ ही इनको यथाशीघ्र निस्तारित करवाने के साथ आमजन को राहत पहुंचाते हुए परिवादियों की संतुष्टि का प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करें। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी वांकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी संदीप देवात, जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता सोनाराम पटेल, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता छत्राराम, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अमृत लाल देवपाल, जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मीणा, नगर परिषद आयुक्त जितेन्द्र चौकीदार, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नितिन गहलोत, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह, जिला रसद अधिकारी हजारी लाल आलोरिया समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



