केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लॉन्च किया ‘भारत टैक्सी’, ड्राइवरों को मिलेगा मालिकाना हक और सुरक्षा लाभ

ram

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ‘भारत टैक्सी’ सर्विस लॉन्च की। यह देश की पहली सहकारिता क्षेत्र की टैक्सी सर्विस है। इस दाैरान उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी के जरिए ड्राइवरों को मुनाफे में मालिकाना हक दिया जाएगा, साथ ही उनकी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पेंशन और बीमा के फायदे भी दिए जाएंगे। इसके अलावा, ‘सारथी दीदी’ पहल महिला ड्राइवरों और महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेगी। ‘भारत टैक्सी’ के लॉन्च के मौके पर अमित शाह ने कहा कि सहकारिता से बहुत सारे लोग मिलकर छोटी-छोटी पूंजी लगाकर कैसे बड़ी शुरुआत कर सकते हैं, ‘भारत टैक्सी’ इसका उदाहरण है। आज का दिन टैक्सी चालक बहनों-भाइयों के लिए बहुत ही अहम है। चालक बहन-भाई ‘भारत टैक्सी’ से न सिर्फ अधिक मुनाफा कमा पाएंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी होंगे। तीन साल के अंदर कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक पूरे देश भर में भारत टैक्सी हमारे टैक्सी सारथियों के कल्याण का बहुत बड़ा माध्यम बनने जा रही है। जब मैंने संसद में भारत टैक्सी का मुद्दा रखा था, तब बहुत से लोगों ने यह प्रश्न उठाया था कि सरकार टैक्सी के क्षेत्र में प्रवेश क्यों कर रही है? मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि सरकार नहीं, सहकारिता टैक्सी सर्विस में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि शायद पूरे विश्व में यह अनूठी कोऑपरेटिव टैक्सी कंपनी अस्तित्व में आ रही है, जिसका मालिक टैक्सी चलाने वाला सारथी भाई-बहन है, कोई और नहीं। इस भारत टैक्सी से जुड़े एक-एक सारथी भाई और सारथी दीदी, सभी इस भारत टैक्सी के मालिक हैं। मैं सभी सारथी बहनों-भाइयों से कहना चाहता हूं कि अभी आपकी टैक्सी का पहिया किसी और के लिए कमाई करता है, अब भारत टैक्सी से आपका पहिया आपकी कमाई कराएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता का क्या अर्थ है? बड़े से बड़ा काम ढेर सारे छोटी-छोटी पूंजी वाले लोग इकट्ठे होकर कर पाएं, यही सहकारिता है। यहां पर आपके दो प्रतिनिधि बैठे हैं। हर पांच साल बाद आपके दो प्रतिनिधि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में बैठेंगे और आपकी चिंता करेंगे, जिन्हें आप ही चुनेंगे। भारत टैक्सी जो भी मुनाफा कमाएगी, उसमें से 100 रुपए में केवल 20 रुपए ही अपने पास रखेगी, जिसके मालिक भी सारथी ही होंगे, और 80 रुपए हर सारथी के खाते में चले जाएंगे। भारत टैक्सी देश की माताओं-बहनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी। हमने ‘सारथी दीदी’ की जो संकल्पना की है, वह आने वाले समय में भारत टैक्सी ऐप के माध्यम से आपकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी। ‘सारथी दीदी’ की अलग विंडो होगी, जिस पर रजिस्टर करने से किसी भी माता-बहन को रिसीव करने ‘सारथी दीदी’ ही आएंगी। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य भारत टैक्सी की पूंजी बढ़ाना नहीं है, इसका उद्देश्य इसके मालिक सारथी दीदियों और भाइयों का मुनाफा बढ़ाना है। भारत टैक्सी का ग्राहक जो भुगतान करेगा, वह सीधे उसी समय आपके खाते में ट्रांसफर हो जाएगा और बिना सुनवाई के किसी का अकाउंट बंद नहीं किया जाएगा। अब तक बुकिंग फीस, प्लेटफॉर्म फीस और भारी कमीशन जैसे शब्द कंपनी की बैलेंस शीट का मुनाफा बढ़ाते थे और सारथी की बैलेंस शीट का मुनाफा घटाते थे, मगर अब चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। गृह मंत्री ने कहा कि आपके नए भारत टैक्सी ऐप में ऐसा कोई अकाउंट ही नहीं रखा गया है। इसमें केवल मेरे सारथी भाई और दीदी का मुनाफा बढ़ाने का ही एक अकाउंट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *