जयपुर। केंद्रीय बजट 2026—27 को लेकर सोमवार को बांसवाडा जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने प्रेस वार्ता की। राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और विरासत के संरक्षण का कार्य हो रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखकर यह बजट तैयार किया गया है। इसके माध्यम से हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। यह बजट गरीब, किसान, युवा, मध्यम वर्ग, उद्यमियों सहित सभी वर्गों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बजट के माध्यम से एमएसएमई, कृषि, उद्योग आदि क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। बजट में कैंसर, मधुमेह जैसी जीवनरक्षक दवाइयों के शुल्क में कमी की गई है। इससे मरीजों को लाभ मिलेगा। हर जिला मुख्यालय पर महिलाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के काम होंगे। युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार, स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, क्रिएटिव लैब, महिला सशक्तिकरण के लिए प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास, लखपति दीदी योजना का विस्तार तथा महिला उद्यमियों के लिए फंड के प्रावधान की जानकारी दी। राजस्व मंत्री ने कहा कि न्यूक्लियर पावर प्लांट के माध्यम से बांसवाड़ा क्षेत्र का विकास होगा। यहां रेल-रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा-रतलाम फोर लेन के लिए डीपीआर का कार्य चल रहा है। मंदसौर – प्रतापगढ़-बांसवाड़ा रेल लाईन सर्वे के लिए राशि स्वीकृत हो गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों को ऑनलाइन किया जा रहा है इससे प्रक्रिया में तेजी आएगी। सरकार गांव, गरीब, किसान, शोषित, वंचित वर्गों के कल्याण एवं टीएसपी क्षेत्र के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं।

केन्द्रीय बजट 2026-27— —यह बजट गरीब, किसान, युवा, मध्यम वर्ग, उद्यमियों और सभी वर्गों के लिए महत्वपूर्ण—राजस्व मंत्री
ram


