जयपुर। उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने सोमवार को बाड़मेर जिले के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में केन्द्रीय बजट 2026-27 को देश के समग्र, संतुलित और समावेशी विकास का बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट “विकास, विश्वास और निवेश” के मूल मंत्र पर आधारित है तथा प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत रोडमैप प्रस्तुत करता है। इस दौरान विश्नोई ने कहा कि केन्द्रीय बजट में उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए किए गए प्रावधान आत्मनिर्भर भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होंगे। इससे सीमावर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों, विशेषकर राजस्थान जैसे राज्यों में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे को गति देने के लिए सार्वजनिक पूंजीगत व्यय 12.2 लाख करोड़ रुपए प्रस्तावित किया गया है। सड़क, रेलवे, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में निवेश से टियर-2 और टियर-3 शहरों सहित सीमावर्ती और पिछड़े क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियाँ तेज होंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विश्नोई ने कहा कि उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए बजट में ठोस प्रावधान किए गए हैं। एमएसएमई को चैंपियन बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपए के एसएमई ग्रोथ फंड, आत्मनिर्भर भारत फंड को निरंतर समर्थन तथा लॉजिस्टिक्स और कर सुधारों से छोटे और मध्यम उद्यमों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि भारत को वैश्विक विनिर्माण और प्रौद्योगिकी केंद्र बनाने के उद्देश्य से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण के लिए 40 हजार करोड़ रुपए, तथा बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम के लिए अगले पांच वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे निवेश, नवाचार और उच्च-कौशल रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। विश्नोई ने कहा कि बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए किसान-हितैशी प्रावधान किए गए हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। साथ ही युवाओं के कौशल विकास, शिक्षा, पर्यटन और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की सुरक्षा, स्थिरता और विकास के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा आमजन, किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों एवं उद्यमियों के साथ समस्त वर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान रखता है। केन्द्रीय बजट 2026-27 “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना को मजबूत करता है और आने वाले वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।

केन्द्रीय बजट 2026-27— विकसित भारत के संकल्प को सशक्त करने वाला बजट – उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री
ram


