जयपुर। आगामी ग्रीष्म ऋतु में आमजन को निर्बाध एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा तैयार किए जा रहे समर कंटीजेंसी प्लान की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समर कंटीजेंसी प्लान को पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ तैयार किया जाए तथा उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने जयपुर शहर में चल रही विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे गर्मी के दौरान शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में बाधा आने की संभावना हो या अतिरिक्त मांग उत्पन्न हो, वहां समय पर टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था की जाए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिये कि पेयजल आपूर्ति से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जाए और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी समय रहते तैयार रखी जाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मुकेश मूंड, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री हिमांशु मील, अधीक्षण अभियंता श्री शुभांशु दीक्षित सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रीष्म ऋतु में जयपुर में निर्बाध जल आपूर्ति हर हाल में हो सुनिश्चित
ram


