– ऑपरेशन सिंदूर की गूंज और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में भाजपा कार्यकर्ता जुटे
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर और जोधपुर जिला ग्रामीण दक्षिण अध्यक्ष त्रिभुवनसिंह भाटी के नेतृत्व में इस बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव जोधपुर में नए इतिहास के साथ मनाया जाएगा। जिले की सभी विधानसभाओं और मंडलों में हर घर तिरंगा और भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन होगा, जिसमें जनसैलाब उमड़ेगा। शुक्रवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में आयोजित जिला कार्यशाला में हर घर तिरंगा एवं विभाजन की विभीषिका विषय पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद नागौर एवं राजस्थान किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हाल ही में ऑपरेशन सिंधूर कर देश का मान बढ़ाया है और भारत की अंतरराष्ट्रीय साख मजबूत हुई है। चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के नए मानक स्थापित किए हैं और तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय गर्व और शहीदों के सम्मान का प्रतीक है। इस बार ऑपरेशन सिंधूर की सफलता के बाद इसका महत्व और भी बढ़ गया है। जिलाध्यक्ष त्रिभुवनसिंह भाटी ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे तिरंगा यात्राओं को ऐतिहासिक बनाएँ। उन्होंने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह जोधपुर में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होना हमारे लिए गौरव का अवसर है। इसलिए तिरंगा यात्राओं की भव्यता और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सफलता, दोनों के लिए अभी से तैयारियां शुरू करनी होंगी। कार्यक्रम में संयोजक जयकिशन पंचारिया, पूर्व जिलाध्यक्ष भोपालसिंह बड़ला, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल संयोजक एवं सह-संयोजक मौजूद रहे। मंच संचालन महामंत्री डॉ. यशपाल गोधा एवं सुमित्रा विश्नोई ने किया, जबकि आभार शिवराम ग्वाला ने व्यक्त किया।

जोधपुर से उठेगा तिरंगे का जनसैलाब, हर विधानसभा और मंडल में होगी भव्य यात्रा
ram


