फलोदी में दर्दनाक सड़क हादसा : मजदूरों से भरी टैक्सी को डंपर ने रौंदा, चार की मौत, 11 घायल

ram

जोधपुर। निकटवर्ती फलोदी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर एक रेस्टोरेंट के सामने शुक्रवार देर रात सडक़ किनारे खड़ी मजदूरों से भरी लोडिंग टैक्सी को किसी डंपर के चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, साथ ही लोडिंग का चालक भी मर गया। वह फलोदी जिले के मोटाई गांव निवासी गोपीलाल पुत्र बंशीलाल बताया जाता है। जबकि 11 अन्य श्रमिक गंभीर एवं सामान्य रूप से घायल हो गए। जिन्हें देर रात फलोदी चिकित्सालय ले जाया गया। सात घायल को जोधपुर रैफर किया गया। हादसे में घायल छह महिला मजूदर के साथ तीन बच्चे भी है।

फलोदी पुलिस के अनुसार एनएच-11 पर देर रात मजदूरों से भरी लोडिंग टैक्सी सडक़ किनारे खड़ी थी। तब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे टैक्सी में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए. राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

इस भीषण हादसे की जानकारी मिलने पर फलोदी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस कर्मी ईएमटी महेंद्र सिंह भाटी और पायलट मोहन आदि मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाल कर फलोदी के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जोधपुर रैफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार सभी घायल मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो जोधपुर जिले में आसपास के खेतों में मजदूरी करने आए हुए थे।

इधर जिला कलेक्टर श्वेता चौहान, एसडीएम पूजा चौधरी, और थानाधिकारी भंवराराम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। फलोदी पुलिस ने बताया कि हादसे में मध्यप्रदेश के आलमपुर निवासी जगदीश पुत्र रामाजी, उसकी पत्नी पूजा, 22 साल की टीना पुत्र जगदीश की मौत हो गई। साथ ही लोडिंग का चालक मोटाई चाखू निवासी गोपीलाल पुत्र बंशीलाल भी हादसे में मारा गया। 11 घायल हुए है, जिनमें सात को जोधपुर रैफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *