जयपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर शनिवार को टोंक में जिला स्तरीय ‘‘जनजातीय गौरव दिवस‘‘ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक थे, जिन्होंने अग्रेजी हुकुमत और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने आदिवासी शोषण का विरोध किया और भूमि, जंगल और पारंपरिक अधिकारों के लिए जनजातीय समुदाय के लोगों को जागरूक किया। श्री चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायक भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। संबोधन के पश्चात श्री चौधरी ने स्वदेशी अपनाने एवं नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। साथ ही जनजातीय समुदाय विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं हेतु राज्य स्तरीय पुस्तिका आदि किरण का विमोचन किया। इस दौरान देवली-उनियारा विधायक श्री राजेन्द्र गुर्जर, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल, सीईओ परशुराम धानका, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, नरेश बंसल, प्रभु बाडोलिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहें।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण—
कृषि ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय समारोह से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं डूंगरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के उद्बोधन का लाइव प्रसारण हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा व जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर मार्ल्यापण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन—
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही राजीविका, महिला अधिकारिता, कृषि एवं उद्योग विभाग द्वारा लगाई गई विभागीय स्टॉल पर कार्मिकों को इसे ग्रास स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
शोभायात्रा को दिखाई हरी झंडी—
जनजातीय गौरव दिवस के तहत पटेल सर्किल से कृषि ऑडिटोरियम तक निकाली गई शोभा यात्रा को जलदाय मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गाजे-बाजे और उत्साह के साथ शोभायात्रा में जनप्रतिनिधि, आमजन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अधिकारी कार्मिक शामिल हुए।



