जयपुर। जयपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से संचालित सक्षम जयपुर अभियान के तहत नारी चौपाल कार्यक्रम एक प्रभावी जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन चौपालों ने महिलाओं को न केवल अपनी बात रखने का मंच दिया है, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित भी किया है। इसी कड़ी में सोमवार को जोबनेर उपखण्ड में आयोजित नारी चौपाल उत्साह, ऊर्जा और सहभागिता का अद्भुत उदाहरण बनी। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लेकर इसे जन-उत्सव का स्वरूप दे दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ-साथ महिलाओं ने भी अपने आत्मविश्वास, कौशल और नेतृत्व का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार मूंड एवं उपखण्ड अधिकारी सर्वेश शर्मा एवं नेहा राठी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित चौपाल में महिलाओं ने आत्मविश्वास, हुनर और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा में चयनित ज्योति मौर्या ने अपनी प्रेरक यात्रा साझा करते हुए उपस्थित महिलाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया। नारी चौपाल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। मारवाड़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं ने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि समाज को जागरूकता का संदेश भी दिया। “हम होंगे कामयाब” और “मेरा काम-मेरा सम्मान” जैसे संदेशों ने आत्मनिर्भरता की भावना को और प्रबल किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के अधिकारियों ने महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण एवं स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही, सहायता काउंटरों के माध्यम से महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने हेतु मार्गदर्शन और त्वरित सहयोग भी प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि नारी चौपाल कार्यक्रम जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाया जा सके।

नारी चौपाल में हजारों महिलाओं की भागीदारी से गूंजे आत्मनिर्भरता के स्वर- जोबनेर में नारी चौपाल बना महिला सशक्तिकरण का सशक्त मंच
ram


