जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के द्रव्यवती नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के स्पष्ट निर्देशों की अनुपालना में शुक्रवार को नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आलोक गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्रव्यवती नदी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री आलोक गुप्ता के साथ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन तथा नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा , जेडीए सचिव श्री गौरव सैनी, जेडीए के निदेशक अभियांत्रिकी श्री अजय गर्ग एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बम्बाला पुलिया से स्वर्ण जयंती पार्क तक द्रव्यवती नदी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आलोक गुप्ता ने नगर निगम, जेडीए एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 5 दिनों में जयपुर शहर का समग्र अध्ययन कर द्रव्यवती नदी में प्रदूषण को कम करने के लिए ठोस एवं प्रभावी समाधान तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन नालों को बंद किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता से चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने द्रव्यवती नदी के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि मेंटेनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। नदी किनारे स्थित शौचालयों एवं वॉक-वे की समुचित सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि द्रव्यवती नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

द्रव्यवती नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए राज्य सरकार सख्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, आगामी 5 दिनों में सर्वे करवा व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
ram


