गोलोक धाम में सिद्धचक्र महामण्डल विधान मंगलवार से अध्यात्म के साथ जीव दया का संदेश होगा प्रसारित

ram

चाकसू। धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के पावन संगम स्थल चाकसू के निमोडिया गांव में बनाए जा रहे “गोलोक धाम” में भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन मंगलवार से होगा। राष्ट्रसंत आचार्य प्रज्ञासागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न होंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं जीव दया का संदेश प्रसारित किया जाएगा। यह अपनी तरह का एक अनूठा आयोजन होगा।पारसमल—चंद्रकला बाकलीवाल परिवार, निमोड़िया वालों की ओर से आयेाजित यह महामण्डल विधान 4 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से पूजन, 8:00 बजे से शांतिधारा, 8:30 बजे से नित्य पूजन, विधान, प्रवचन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। समापन दिवस 4 मार्च 2026 को विशेष विधान एवं धर्मसभा का आयोजन होगा। आयोजन समिति के प्रतिनिधि अमित जैन निमोड़िया ने बताया कि धार्मिक महोत्सव में देश-प्रदेश से श्रद्धालु, समाजबंधु एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। यह कार्यक्रम आध्यात्मिक उन्नयन, समाज में संस्कार जागरण, पर्यावरण संरक्षण, जीव दया एवं धर्म प्रभावना का सशक्त माध्यम बनेगा। विधान की शुरूआत 24 फरवरी मंगलवार को प्रातः मंगलाचरण के साथ होगी। आयोजन के दौरान विभिन्न परिवारों द्वारा विधान, पूजन एवं धार्मिक सेवाओं का सौभाग्य प्राप्त किया जाएगा। निमोडिया ग्राम पंचायत की सरपंच पलक जैन निमोड़िया ने बताया कि निमोडिया ग्राम में गोलोक धाम के नाम से एक विशाल गोशाला का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य तेज गति से चल रहा है। यहां पक्षियों के लिए एक आश्रय स्थल भी बनाया जाएगा। साथ ही, बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोलोक धाम के निर्माण का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के अनुरूप आमजन में जीव दया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। आयोजन समिति के पवन बाकलीवाल ने बताया कि महोत्सव के तहत सोमवार को मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधान में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं ने प्रभु के नाम की मेहंदी रचाई। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं आवास का समुचित प्रबंध सुनिश्चित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *